एशियाई खेलों में बारिश से क्वार्टर फाइनल रद्द, ICC T20I रैंकिंग के दम पर भारत सेमीफाइनल में
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम सोमवार को यहां खराब मौसम के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों का क्वार्टर फाइनल रद्द होने के बाद मैदान पर उतरे बिना ही सेमीफाइनल में पहुंच गई। गत चैंपियन भारत ने आईसीसी टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर होने के कारण अंतिम चार में जगह बनाई, जबकि अफगानिस्तान 10वें स्थान पर है। भारत का सामना मंगलवार को यहां नेपाल और श्रीलंका के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। अगर यह मुकाबला भी रद्द होता है तो बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका सेमीफाइनल में भारत से भिड़ेगा। नागोया में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है और सोमवार को मैच के कुछ ओवर कम किए जाने की संभावना भी बेहद कम थी। भारतीय लेग स्पिनर रवि बिश्नोई ने मैच रद्द होने की घोषणा के बाद कहा, ‘‘उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में हमें अच्छा क्रिकेट खेलने और जापान के लोगों के सामने अपना खेल दिखाने का मौका मिलेगा।’’ पाकिस्तान और हांगकांग के बीच पहला क्वार्टर फाइनल भी बारिश की भेंट चढ़ गया था। बेहतर आईसीसी रैंकिंग के आधार पर पाकिस्तान ने अगले दौर में जगह बनाई। भारत की कप्तानी श्रेयस अय्यर कर रहे हैं, जबकि नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर के वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला में व्यस्त होने के कारण वीवीएस लक्ष्मण को एशियाई खेलों की टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और 15 वर्षीय स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी सहित कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। बिश्नोई ने कहा कि खिलाड़ी यहां रहते हुए अन्य खेलों को देखने और उनका अनुभव लेने के मौके का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई खेल निश्चित रूप से अन्य शृंखला और विश्व कप से अलग अनुभव हैं। यहां आपको अलग-अलग खेल देखने और उनका अनुभव लेने का मौका मिलता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से हम अब तक ऐसा नहीं कर सके हैं क्योंकि हम यहां से थोड़ी दूर ठहरे हुए हैं।




