Uncategorizedदेश-विदेश

लखनऊ में आज अमित शाह का शक्ति प्रदर्शन! 3 घंटे 15 मिनट के दौरे में BJP की रणनीति पर करेंगे मंथन

उत्तर प्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर भाजपा शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा मंथन करेगी। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन करेंगे। करीब तीन घंटे 15 मिनट के राजधानी प्रवास के दौरान वह पार्टी की रणनीति, राजनीतिक प्रस्ताव और आगामी कार्ययोजना पर होने वाली चर्चा में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक अमित शाह सुबह 10:40 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से 10:45 बजे सड़क मार्ग से रवाना होकर सुबह 10:55 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक वह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ पार्टी की आगामी राजनीतिक रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे से एक बजे तक अमित शाह विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। दोपहर एक से दो बजे तक उनके भोजन का कार्यक्रम निर्धारित है।
दोपहर 2:15 बजे दिल्ली के लिए भरेंगे उड़ान
अमित शाह दोपहर दो बजे विश्वविद्यालय परिसर से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। 2:10 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद दोपहर 2:15 बजे भारतीय वायुसेना के विमान से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रदेश कार्यसमिति की इस अहम बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सहप्रभारी जगदीश पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके अलावा संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button