IAEA सम्मेलन में नहीं जा सकेंगे Iran के परमाणु प्रमुख Mohammad Eslami, यात्रा प्रतिबंध से छूट नामंजूर
ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन के प्रमुख मोहम्मद इस्लामी पर अंतरराष्ट्रीय यात्रा संबंधी प्रतिबंध लगाए जाने के कारण उनके वियना में संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था के सदस्य देशों की वार्षिक बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है और ऐसा कई वर्षों में पहली बार होगा। इस संबंधी घटनाक्रम से अवगत एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस्लामी का अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के सम्मेलन में शामिल नहीं होना ईरान और पश्चिमी देशों के बीच तेजी से बिगड़ते संबंधों का एक और संकेत है। जुलाई में नाजुक युद्धविराम समझौता टूटने के बाद अमेरिका और ईरान के बीच रुक-रुक कर फिर से लड़ाई हो रही है। अधिकारी ने अपना नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर कहा कि ऑस्ट्रिया ने संयुक्त राष्ट्र की प्रतिबंध समिति से इस्लामी पर लगे यात्रा प्रतिबंध से छूट दिए जाने का अनुरोध किया था लेकिन इसे स्वीकार नहीं किया गया। वियना में संयुक्त राष्ट्र की मेजबानी करने वाला देश होने के नाते ऑस्ट्रिया यात्रा प्रतिबंधों से छूट का अनुरोध कर सकता है ताकि वे अधिकारी संयुक्त राष्ट्र में होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में हिस्सा ले सकें जिन पर प्रतिबंध लगाया गया है। इजराइल और अमेरिका द्वारा जून 2025 में 12 दिन के युद्ध के दौरान ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले किए जाने के बाद से तेहरान ने आईएईए के निरीक्षकों को हमलों से प्रभावित परमाणु स्थलों तक पहुंच की अनुमति नहीं दी है जबकि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) के तहत ईरान आईएईए के साथ कानूनी रूप से सहयोग करने के लिए बाध्य है। आईएईए के अनुसार, ईरान के पास 60 प्रतिशत शुद्धता तक संवर्धित 440.9 किलोग्राम यूरेनियम का भंडार है। इसे हथियार बनाने के स्तर की 90 प्रतिशत शुद्धता तक पहुंचाने के लिए केवल एक छोटी तकनीकी प्रक्रिया की जरूरत है। ईरान का कहना है कि वह परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं कर रहा और उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है। फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी ने पिछले साल तथाकथित ‘स्नैपबैक’ व्यवस्था (प्रतिबंधों को स्वतः फिर से लागू करने की व्यवस्था) को सक्रिय किया था, जिसके तहत ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उस पर संयुक्त राष्ट्र के सभी प्रतिबंध फिर से लागू हो गए। इन तीनों यूरोपीय देशों ने कहा था कि ईरान 2015 के उस परमाणु समझौते की शर्तों से जानबूझकर पीछे हट गया, जिसके तहत ये प्रतिबंध हटाए गए थे। फिर से लागू किए गए इन संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों में यात्रा प्रतिबंध, पारंपरिक हथियारों पर रोक, बैलिस्टिक मिसाइल विकसित करने पर पाबंदियां, संपत्तियां जब्त करना और परमाणु संबंधी प्रौद्योगिकी के उत्पादन पर प्रतिबंध शामिल हैं। अधिकारी ने हालांकि कहा कि इस्लामी के सम्मेलन में शामिल होने की संभावना नहीं है लेकिन ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ ने शनिवार को बताया कि इस्लामी आईएईए सम्मेलन में हिस्सा लेने और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने के लिए तेहरान से वियना रवाना हो गए हैं। इस्लामी 2021 में ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन का प्रमुख नियुक्त होने के बाद से वियना में आईएईए महासम्मेलन में नियमित रूप से शामिल होते और उसे संबोधित करते रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारी वियना स्थित आईएईए मुख्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक महासम्मेलन के लिए एकत्र होंगे। वे एजेंसी के बजट पर विचार कर उसे मंजूरी देंगे और पश्चिम एशिया में परमाणु सुरक्षा उपायों समेत अन्य नीतिगत मुद्दों पर चर्चा करेंगे।




