RBI के दखल से मजबूत हुआ Rupee, शुरुआती कारोबार में Dollar के मुकाबले 94.92 पर पहुंचा
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 44 पैसे मजबूत होकर 94.92 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के हस्तक्षेप से डॉलर की निकट अवधि की मांग कम होने और विदेशी मुद्रा बाजार में सट्टेबाजी पर अंकुश लगने से घरेलू मुद्रा को समर्थन मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि डॉलर के मुकाबले रुपये में पिछले तीन कारोबारी सत्रों में करीब दो प्रतिशत की मजबूती आई है। बुधवार को भी कारोबार की शुरुआत सकारात्मक रही। इसकी मुख्य वजह बाजार में उतार-चढ़ाव सीमित करने और सट्टेबाजी पर अंकुश लगाने के लिए आरबीआई द्वारा लागू किए गए नियामकीय उपाय हैं। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.05 प्रति डॉलर पर खुला। इसके बाद मजबूत होकर 94.92 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 44 पैसे की बढ़त है। रुपया मंगलवार को 42 पैसे की बढ़त के साथ 95.36 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी मुद्रा की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.11 पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 32.96 अंक टूटकर 73,000.82 अंक पर और निफ्टी 32.65 अंक फिसलकर 22,688.75 अंक पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 0.57 प्रतिशत बढ़कर 106.29 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 1,305.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।




