राजघाट पर PM मोदी ने किया बापू को नमन, CM योगी ने गांधी-शास्त्री के संदेश को बताया आज भी प्रासंगिक
गांधी जयंती के मौके पर शुक्रवार को देशभर में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी जा रही है। राजधानी दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने भी बापू को नमन किया। 2 अक्टूबर 2026 को महात्मा गांधी की 157वीं जयंती मनाई जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने भी बापू को नमन किया। राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी किया गया।
लाल बहादुर शास्त्री को भी किया नमन
2 अक्टूबर को ही देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय घाट पहुंचकर शास्त्री जी को श्रद्धांजलि दी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी विजय घाट पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया। इस वर्ष लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती है।
जेपी नड्डा ने किया श्रमदान
गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने नई दिल्ली में कर्तव्य भवन-1 के पास श्रमदान किया। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी स्वच्छ भारत अभियान में हिस्सा लिया और लोगों से आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने की अपील की।
राष्ट्रपति मुर्मू ने बताया गांधी का संदेश प्रासंगिक
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और संघर्ष के माहौल के बीच गांधी जी का शांति और अहिंसा का संदेश और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के जीवन और आदर्शों का विश्व समुदाय व्यापक रूप से सम्मान करता है।



