Uncategorizedउत्तर प्रदेशदेश-विदेशराज्य

ये नवरात्रि होगी खास… 2043 दुर्गा प्रतिमाएं होंगी स्थापित, विसर्जन घाटों पर थ्री-लेयर सुरक्षा

शारदीय नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर के ऑडिटोरियम में बैठक हुई। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ दुर्गा पूजा, रामलीला समितियों और डीजे संचालकों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी ने बताया कि जिले में 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि और इसके बाद दशहरा पर्व मनाया जाएगा। इस दौरान 2043 दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना, 12 शोभायात्रा, 14 भरत मिलाप, 132 मेले, 68 पुतला दहन और 185 रामलीला मंचन प्रस्तावित हैं। मूर्ति विसर्जन के लिए 79 अस्थायी और 59 स्थायी घाट चिह्नित हैं। जिलाधिकारी ने विद्युत संबंधी समस्याओं के तत्काल निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को प्रत्येक दुर्गा पंडाल पर दो-दो सफाईकर्मियों की तैनाती करने के साथ पंडाल, आसपास के क्षेत्र और संपर्क मार्गों पर नियमित सफाई कराने को कहा। उन्होंने बताया कि जिन मार्गों के गड्ढामुक्तिकरण के लिए धनराशि उपलब्ध हो चुकी है, उन्हें लोक निर्माण विभाग 10 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करेगा। नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को भी पंडालों से जुड़े मार्गों की समस्याओं का 10 अक्टूबर तक निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। मूर्ति विसर्जन घाटों पर सुरक्षा को लेकर डीएम ने थ्री-लेयर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। गोताखोरों और नाविकों से समन्वय के साथ जल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा महिला सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने को कहा गया। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी व पश्चिमी, सभी एसडीएम, सीओ, बीडीओ, अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नई परंपरा पर रोक, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई
एसपी प्राची सिंह ने शेष थानों में भी पीस कमेटी की बैठकें कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। पंडालों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से आवश्यक इंतजाम करने को कहा। उन्होंने पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा और पंडाल की मजबूती समेत सभी सुरक्षा मानकों का पालन कराने तथा समितियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने को कहा। एसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी भ्रामक या संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button