Uncategorizedदेश-विदेश

त्योहारों पर योगी सरकार ने दी बड़ी राहत, 52 रुपये किलो मिलेगी चीनी, यहां से खरीद सकेंगे उपभोक्ता

त्योहारों के मौसम में आमजन को राहत देने के लिए योगी सरकार ने राजधानी लखनऊ में रियायती दर पर चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग की ओर से लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर स्थित बिक्री केंद्रों पर रिफाइंड चीनी बेची जाएगी। यहां उपभोक्ता 51 रुपये प्रति किलो से चीनी खरीद सकेंगे। विभाग के अनुसार, लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान परिसर में चीनी निगम और सहकारी चीनी मिल संघ के बिक्री केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रत्येक कार्यदिवस सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चीनी खरीदी जा सकेगी। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए एक किलो से लेकर 50 किलो तक के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं।
जानें कितने रुपये में मिलेगा चीनी का पैकेट
चीनी निगम के बिक्री केंद्र पर एक किलो रिफाइंड चीनी का पैकेट 52 रुपये में मिलेगा। दो किलो के पैकेट की कीमत 102 रुपये, पांच किलो के पैकेट की 250 रुपये और 50 किलो के पैकेट की कीमत 2,500 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर की चीनी अपेक्षाकृत कम कीमत पर उपलब्ध होगी। इसके एक किलो के पैकेट की कीमत 51 रुपये, दो किलो के पैकेट की 102 रुपये, पांच किलो के पैकेट की 245 रुपये और 50 किलो के पैकेट की कीमत 2,400 रुपये रखी गई है।
प्रत्येक कार्यदिवस मिलेगी सुविधा
गन्ना विकास विभाग के मुताबिक, बिक्री केंद्रों पर नियमित रूप से चीनी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। विभाग ने राजधानी के नागरिकों से इन केंद्रों पर पहुंचकर रियायती दर पर चीनी खरीदने और सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button