Asian Games 2026: ईरान ने दी शुरुआती टक्कर, फिर गरजा भारत… 37-23 से जीतकर सेमीफाइनल के करीब
एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपने खिताब के बचाव की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ा दिया है। ग्रुप-ए के मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-23 से शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की। टोकाई सिटिजन्स जिम्नेजियम में खेले गए मुकाबले में शुरुआत में पिछड़ने के बाद भारतीय टीम ने जोरदार वापसी की और मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली।
8-4 से पिछड़ा भारत, पूजा ने बदला मैच का रुख
ईरान ने मुकाबले की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और शुरुआती दौर में 8-4 की बढ़त बना ली। इससे भारतीय डिफेंस पर दबाव बढ़ गया था।
इसके बाद पूजा ने भारत की वापसी की नींव रखी। उनकी एक सुपर रेड ने ईरान की बढ़त को कम किया और इसके बाद एक और शानदार रेड के जरिए उन्होंने स्कोर बराबरी पर ला दिया। इसके साथ ही मुकाबले का रुख भारत की ओर मुड़ गया।
पहले हाफ में भारत की 19-15 की बढ़त
स्कोर बराबर होने के बाद भारतीय टीम ने रेडिंग और डिफेंस दोनों में बेहतर तालमेल दिखाया। लगातार अंक हासिल करते हुए भारत ने पहले हाफ का अंत 19-15 की बढ़त के साथ किया। ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसकी रेडिंग को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने अपनी लय बरकरार रखी और बढ़त लगातार मजबूत करती गई। ईरानी खिलाड़ी दबाव को अंकों में बदलने के लिए संघर्ष करते नजर आए। भारत ने दूसरे हाफ में 18-8 से बढ़त हासिल की और अंततः मुकाबला 37-23 से अपने नाम कर लिया। भारत के कुल 37 अंकों में 7 बोनस पॉइंट और 4 ऑल-आउट पॉइंट शामिल रहे। वहीं ईरान ने पूरे मुकाबले में 6 बोनस पॉइंट हासिल किए। दूसरे हाफ में भारत ने एक सुपर टैकल पॉइंट भी हासिल किया। भारतीय डिफेंस ने पूरे मैच के दौरान ईरान की रेडिंग की लय को लगातार बिगाड़े रखा और टीम को बड़ी जीत तक पहुंचाया।
जापान के खिलाफ अगला मुकाबला
अब भारतीय महिला कबड्डी टीम की नजरें ग्रुप-ए के आखिरी मुकाबले पर हैं। गुरुवार शाम भारत का सामना जापान से होगा। सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए यह मुकाबला महत्वपूर्ण होगा।




