Uncategorizedदेश-विदेश

भारत में स्टारलिंक की एंट्री रोक रहे कुछ बड़े उद्योगपति, एलन मस्क ने आरोप लगाया तो मोदी सरकार का क्या जवाब आया?

भारत सरकार ने देश में स्टारलिंक की मंज़ूरी अटकी होने को लेकर एलन मस्क के दावों पर जवाब दिया है। PIB की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में, संचार मंत्रालय ने कहा कि स्टारलिंक जैसी सैटेलाइट सेवाओं के लिए उसका फ़्रेमवर्क निष्पक्ष और भेदभाव-रहित है। मंत्रालय ने कहा कि यह सुझाव कि फ़्रेमवर्क या उसका लागू होना अनुचित या भेदभावपूर्ण है, बेबुनियाद और गलतफहमी पर आधारित है। प्रेस रिलीज़ में संचार मंत्रालय ने सीधे तौर पर एलन मस्क का नाम नहीं लिया, लेकिन यह बयान उस घटना के एक दिन बाद आया है जब इस टेक अरबपति ने एक्स पर आरोप लगाए थे। रिलीज़ में कहा गया सोशल मीडिया पर एक पोस्ट घूम रही है जिसमें भारत के सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस के रेगुलेटरी फ्रेमवर्क की निष्पक्षता पर सवाल उठाए गए हैं और यह सुझाव दिया गया है कि इसे भेदभावपूर्ण तरीके से लागू किया जा रहा है। बुधवार रात, एलन मस्क ने आरोप लगाया था कि कुछ ताकतवर उद्योगपति (ओलिगार्क्स) भारत में स्टारलिंक को रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एक्स पर लिखा दुर्भाग्य से, कुछ ताकतवर उद्योगपति हमें रोक रहे हैं ताकि भारतीय लोगों पर उनका एकाधिकार बना रहे। आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि वे कौन हैं। मंत्रालय ने कहा कि सरकार ने सभी टेलीकम्युनिकेशन सर्विस, जिसमें सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस भी शामिल हैं, उसके लिए एक निष्पक्ष और भेदभाव-रहित ऑथराइज़ेशन फ्रेमवर्क बनाया है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि उसने तीन सैटेलाइट कम्युनिकेशन सर्विस को टेलीकॉम लाइसेंस दिए हैं। मंत्रालय ने कहा कि नॉन-जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट ऑर्बिट आधारित सैटेलाइट कम्युनिकेशन पर चलने वाली तीन ग्लोबल मोबाइल पर्सनल कम्युनिकेशन बाय सैटेलाइट सर्विस को टेलीकॉम लाइसेंस दिए गए हैं। इस प्रोसेस के तहत, मंत्रालय ने कहा कि हर लाइसेंसधारी के लिए सुरक्षा शर्तों का पालन करना ज़रूरी है।” हालांकि मंत्रालय ने किसी लाइसेंसधारी का नाम नहीं लिया, लेकिन पिछली रिपोर्टों के अनुसार, स्टारलिंक उन तीन सर्विस में से एक है जिन्हें लाइसेंस मिला है; बाकी दो रिलायंस जियो और एयरटेल-समर्थित वनवेब हैं।

Related Articles

Back to top button