लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव, परिसीमन के बाद 850 होंगी कुल सीटें
महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में एक-तिहाई आरक्षण देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा प्रस्ताव रखा है। इसके तहत हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में लोकसभा सीटों के साथ ही विधानसभा की सदस्य संख्या में भी 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी। सीटों का नया बंटवारा और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं वर्ष 2051 तक लागू रहेंगी।
सोमवार को लोकसभा में पेश होगा संविधान संशोधन विधेयक
संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 सोमवार को लोकसभा में पेश किया जाना प्रस्तावित है। विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान किया गया है। इसमें राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकेंगे। इसके अलावा किसी राज्य की विधानसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। इसके तहत परिसीमन प्रक्रिया के जरिए लोकसभा और राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
महिलाओं को तत्काल एक-तिहाई आरक्षण देने का लक्ष्य
विधेयक के उद्देश्यों और कारणों के विवरण में कहा गया है कि इसका मकसद परिसीमन प्रक्रिया के माध्यम से लोकसभा और राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू करना है। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाएं भी शामिल होंगी। प्रस्ताव के मुताबिक, सीटों की संख्या बढ़ाने के बाद नए परिसीमन के आधार पर आरक्षण की व्यवस्था लागू की जाएगी। सीटों का नया बंटवारा और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक प्रभावी रहेंगी।



