Esports World Cup में उतरेंगे 4 भारतीय ग्रैंडमास्टर, कार्लसन से होगी टक्कर
भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन, अरविंद चिदंबरम, प्रणेश एम और अर्जुन एरिगैसी 11 से 15 अगस्त तक यहां होने वाले ईस्पोर्ट्स विश्व कप की शतरंज प्रतियोगिता में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन सहित कई मजबूत प्रतिद्वंद्वियों का सामना करेंगे। निहाल, अरविंद और प्रणेश ईस्पोर्ट्स और गेमिंग कंटेंट की दिग्गज कंपनी एस8यूएल ईस्पोर्ट्स का प्रतिनिधित्व करेंगे जबकि ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी जेन जी ईस्पोर्ट्स की तरफ से अपना भाग्य आजमाएंगे। यह चारों भारतीय खिलाड़ी मौजूदा चैंपियन कार्लसन (टीम लिक्विड) के नेतृत्व वाले एक विशिष्ट समूह के खिलाफ 15 लाख अमेरिकी डॉलर (14.2 करोड़ रुपये) के पुरस्कार पूल में हिस्सेदारी हासिल करने की कोशिश करेंगे। इस प्रतियोगिता में हिकारू नाकामुरा और अलीरेज़ा फ़िरोजा (टीम फाल्कन्स), नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव (नैटस विंसरे), हैंस मोके नीमन (गॉडलाइक एस्पोर्ट्स), और दुनिया भर के कई अन्य ग्रैंडमास्टर भी हिस्सा लेंगे। निहाल, प्रणेश और अर्जुन ने चैंपियंस शतरंज टूर (सीसीटी) 2025-2026 में अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर ग्रुप चरण के लिए सीधे क्वालीफाई किया है, जबकि अरविंद ने इस साल की शुरुआत में ड्रीमहैक अटलांटा के जरिए इस प्रतियोगिता में जगह बनाई है। वह टूर्नामेंट के पहले चरण यानि प्ले-इन चरण में अपना अभियान शुरू करेंगे। निहाल और अर्जुन ने पिछले साल भी इस प्रतियोगिता में भाग लिया था। तब निहाल क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे, जबकि अर्जुन चौथे स्थान पर रहे थे।




