6500 शिक्षामित्रों को बढ़े मानदेय के लिए मिले 11.70 करोड़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की थी घोषणा
जनपद के 1792 परिषदीय विद्यालयों में तैनात 6500 शिक्षा मित्रों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुरूप 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार किए जाने के बाद 11 करोड़ 70 लाख की धनराशि जिले को मिल गई है। सितंबर और अक्टूबर दो महीनों के मानदेय के लिए धनराशि जारी कर दी गई है। सरकार ने शिक्षामित्रों के मानदेय में करीब 80 प्रतिशत की ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। पहले शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर अब 18 हजार रुपये कर दिया गया है। मानदेय बढ़ोतरी की घोषणा योगी सरकार द्वारा की गई थी, जिसे अब अमली जामा पहनाया जा रहा है। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि मानदेय भुगतान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए। बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि धनराशि शासन की ओर से आवटिंत की गई है। अभी वितरण लेखाधिकारी वित्त द्वारा की जाएगी। शिक्षा मित्र संघ के अध्यक्ष बृजेश मिश्र ने बताया कि यह बहुत बड़ी सौगात है।




