डेंगू का डंक : एक ही दिन में मिले 13 नए मरीज, आंकड़ा 500 के पार
शहर में डेंगू का संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार 13 और लोगों के डेंगू पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही इस साल शहर में कुल मरीजों की संख्या 511 पहुंच गई है। लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ा दी है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अलीगंज और चंदरनगर में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं, जहां चार-चार लोग इसकी चपेट में आए हैं। इसके अलावा इंदिरानगर में दो, और टूडियागंज, एनके रोड व रेडक्रॉस इलाके में एक-एक नया मरीज मिला है। इन सभी संक्रमितों के खून में प्लेटलेट्स कम पाई गई हैं। गनीमत यह है कि ज्यादातर मरीज होम आइसोलेशन में हैं और किसी की भी हालत गंभीर नहीं है।
यह सावधानियां बरतें:
घर के आस-पास कहीं भी पानी जमा न होने दें।
कूलर, बाल्टी और पानी के बर्तनों को ढंककर रखें।
टायरों, कबाड़ या नारियल के खोल में पानी इकट्ठा न होने दें।
सोते वक्त हमेशा मच्छरदानी का इस्तेमाल करें और पूरे आस्तीन के कपड़े पहनें।
किसी भी मदद या जानकारी के लिए सीएमओ कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 0522-2622080 पर फोन किया जा सकता है।




