Uncategorizedदेश-विदेश

Kerala PSC भर्ती परीक्षा गड़बड़ी मामले में Crime Branch ने अध्यक्ष एम.आर. बैजू को भेजा नया समन

तिरुवनंतपुरम, सात नवंबर केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं और नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही अपराध शाखा ने आयोग के अध्यक्ष एम.आर. बैजू को पूछताछ के लिए नया समन जारी किया है। सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। बैजू को 10 नवंबर को जांच दल के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है। अपराध शाखा के अधिकारियों के अनुसार बैजू ने बृहस्पतिवार को निर्धारित पूछताछ के दूसरे दौर में शामिल होने से इनकार कर दिया था। उन्होंने इसके पीछे पीएससी की ओर से मामला रद्द करने के अनुरोध को लेकर दायर याचिका के लंबित होने का हवाला दिया था। जांच टीम ने पिछले महीने बैजू के अलावा पीएससी के चार सदस्यों, आयोग के सचिव और परीक्षा नियंत्रक से पूछताछ की थी। राज्य सरकार ने राज्य योजना बोर्ड के पदों के लिए पीएससी भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ियों की जांच को लेकर अपराध शाखा की एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था। जांच में पता चला कि अर्थशास्त्र विषय के 58 अंक के 10 वर्णनात्मक प्रश्नों को ‘ऑन-स्क्रीन मार्किंग’ (ओएसएम) प्रणाली में हुई गड़बड़ी के कारण सही मूल्यांकनकर्ताओं के पास नहीं भेजा गया जिस वजह से उन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन ही नहीं हो पाया। शुरुआत में तीसरी रैंक हासिल करने वाले श्याम कृष्ण की शिकायत के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन किया गया जिसके बाद वह पहली रैंक पर आ गए। अधिकारियों ने बताया कि पुनर्मूल्यांकन के बाद पूर्व में पहली रैंक पर रहे अरुण जे. प्रदीप खिसककर पांचवें स्थान पर आ गए। इसके बाद अपराध शाखा ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए पीएससी द्वारा आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को भी इसमें शामिल कर लिया और तीन और मामले दर्ज किए। अब तक, अपराध शाखा ने पीएससी के उप सचिव पी. सतीश और अतिरिक्त सचिव आर. हरि को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Back to top button