Uncategorizedदेश-विदेश

UPI के बीच Apple Pay की भारत में एंट्री, Axis Bank के कार्ड से होगी शुरुआत; जानिए क्या बदलेगा

भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल पेमेंट बाजार में Apple ने अपनी भुगतान सेवा Apple Pay लॉन्च कर दी है। कंपनी ने फिलहाल इसकी शुरुआत Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड से की है। ये कार्ड iPhone, iPad और Apple Watch पर Apple Pay के जरिए इस्तेमाल किए जा सकेंगे। कंपनी की योजना जल्द ही Mac डिवाइसों के लिए भी यह सुविधा शुरू करने की है। उद्योग विशेषज्ञों के मुताबिक Apple Pay की एंट्री ऐसे समय हुई है, जब भारत दुनिया के प्रमुख डिजिटल पेमेंट बाजारों में शामिल है। देश में UPI कुल डिजिटल भुगतान लेनदेन का 80 प्रतिशत से अधिक संभालता है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि Apple Pay के आने से UPI की मौजूदा स्थिति पर बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है।
Apple के इकोसिस्टम को मिलेगा नया सपोर्ट
मार्केट रिसर्च फर्म CMR के इंडस्ट्री रिसर्च ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट प्रभु राम के अनुसार, भारत में Apple Pay की शुरुआत कंपनी के हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और सर्विसेज इकोसिस्टम को और मजबूत करती है। इससे Apple अपने ग्राहकों को ज्यादा एकीकृत और सहज भुगतान अनुभव दे सकेगा।
उन्होंने बताया कि Axis Bank के साथ शुरुआत Apple के लिए महत्वपूर्ण है। Axis Bank भारत का चौथा सबसे बड़ा क्रेडिट कार्ड जारीकर्ता है और उसके पास करीब 1.62 करोड़ सक्रिय क्रेडिट कार्ड हैं। देश में कुल क्रेडिट कार्ड की संख्या 12.2 करोड़ से अधिक हो चुकी है और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का इस्तेमाल भी बढ़ रहा है।
UPI पर नहीं पड़ेगा बड़ा असर
प्रभु राम के मुताबिक Apple Pay का मुख्य फायदा Apple डिवाइस इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को मिलेगा। कार्ड से भुगतान करने की प्रक्रिया उनके लिए ज्यादा आसान होगी और इससे Apple के इकोसिस्टम के साथ उनका जुड़ाव मजबूत हो सकता है। वहीं रोजमर्रा के डिजिटल भुगतान में UPI की भूमिका प्रमुख बनी रहने की संभावना है। काउंटरपॉइंट रिसर्च के रिसर्च डायरेक्टर तरुण पाठक के मुताबिक Apple Pay भारत में क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल को बढ़ावा दे सकता है। खासतौर पर चेकआउट के दौरान OTP की जरूरत नहीं होने से Apple डिवाइस यूजर्स के लिए पेमेंट प्रक्रिया आसान होगी।
कितने बैंक जुड़ेंगे, इस पर रहेगी नजर
तरुण पाठक के मुताबिक Apple Pay की आगे की संभावनाएं इस बात पर भी निर्भर करेंगी कि कितने बड़े बैंक इस प्लेटफॉर्म से जुड़ते हैं। ज्यादा बैंक शामिल होते हैं तो संभावित उपयोगकर्ताओं का दायरा भी बढ़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार कोविड-19 के बाद भारत में क्रेडिट कार्ड और NFC (Near Field Communication) आधारित भुगतान में दो अंकों की दर से वृद्धि हुई है। ऐसे में Apple Pay को देश में बढ़ती डिजिटल पेमेंट आदतों का फायदा मिल सकता है।
हजारों स्टोर्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कर सकेंगे भुगतान
Apple के अनुसार Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड धारक अपने कार्ड को Apple Pay में जोड़कर देशभर के हजारों ऑफलाइन और ऑनलाइन व्यापारियों के यहां भुगतान कर सकेंगे। जहां NFC payment स्वीकार किया जाता है, वहां भी Apple Pay का इस्तेमाल किया जा सकेगा। कंपनी का कहना है कि Apple Pay के जरिए स्टोर्स, मोबाइल ऐप्स और वेबसाइटों पर तेज, सुरक्षित और निजी भुगतान अनुभव मिलेगा। भुगतान के दौरान PIN या OTP दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी, जिससे ट्रांजेक्शन प्रक्रिया आसान हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button