गृह मंत्री अमित शाह ने की शिरकत, 258 करोड़ रुपये के विकास प्रोजेक्टों की दी सौगात
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पुलिस के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइन पहुंचे। इस दौरान उनके साथ चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया और पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर भव्य परेड का आयोजन किया गया और गृह मंत्री को गार्ड ऑफ ओनर व सलामी दी गई।
विद्युत कार्ट से किया परेड का निरीक्षण, सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित
समारोह के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने एक विशेष इलेक्ट्रिक कार्ट में बैठकर शानदार परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस को मिले प्रतिष्ठित राष्ट्रपति सम्मान (प्रेसीडेंट कलर्स) के उपलक्ष्य में एक भव्य सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इसमें हिंदू, सिख, ईसाई और मुस्लिम धर्मों के धर्मगुरुओं ने भाग लेकर देश और पुलिस बल की बेहतरी के लिए प्रार्थना की। प्रार्थना के बाद राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने वाली पुलिस की परेड टीम ने मंच के सामने से गुजरते हुए केंद्रीय गृह मंत्री, प्रशासक और डीजीपी को दोबारा सलामी दी।
चंडीगढ़ को 258 करोड़ के प्रोजेक्टों की सौगात
इस स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने चंडीगढ़ वासियों को लगभग 258 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। इन परियोजनाओं से शहर के बुनियादी ढांचे और पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।
सुरक्षा और वीवीआईपी दौरे के चलते यातायात नियंत्रित
गृह मंत्री के दौरे और कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित और प्रभावित रहेगा। मध्य मार्ग पर फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक, सेक्टर-16/17 लाइट प्वाइंट से तिरंगा पार्क और रेलवे लाइट प्वाइंट से सेक्टर-26 पुलिस लाइन तक ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।इसके अलावा सेंट कबीर लाइट प्वाइंट, किशनगढ़ टर्न, हीरा सिंह चौक, ट्रिब्यून चौक और एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के आसपास भी वाहन चालकों को असुविधा हो सकती है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।




