मोदी-राजनाथ का काशी में स्वागत करेंगे CM योगी, बोले- नए भारत की सामर्थ्य को मिलेगी नई ऊंचाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। रविवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पहले मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्षी दलों पर निशाना साधा।
‘भारत लोकतांत्रिक स्थिरता और आर्थिक प्रगति के साथ आगे बढ़ रहा’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में भारत विश्व की प्रमुख तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ नए भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुई हैं। शासन की प्राथमिकता गरीब कल्याण है, जबकि अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार बन रहा है। योगी ने कहा कि सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि के क्षेत्र में नई संभावनाएं साकार हो रही हैं। विकास की यह यात्रा जन आकांक्षाओं को अवसरों में बदलते हुए देश की सामर्थ्य का विस्तार कर रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना, भारत की छवि धूमिल करने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की ओर धकेलने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी ताकतें राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास करती हैं। योगी ने कहा कि दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, लेकिन भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि तमाम चुनौतियों के बावजूद देश विकास के लक्ष्य की ओर अडिग संकल्प के साथ बढ़ता रहेगा।
कृषि से उद्योग तक उत्तर प्रदेश निभा रहा अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अपनी विशाल कृषि क्षमता, विस्तृत होते औद्योगिक आधार, आधुनिक बुनियादी ढांचे और युवा शक्ति के बल पर विकास को गति दे रहा है। कृषि से विनिर्माण और निवेश से रोजगार सृजन तक प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है, राष्ट्रीय एकता अक्षुण्ण रहनी चाहिए और विकास की गति निरंतर जारी रहनी चाहिए।
काशी में पीएम मोदी और राजनाथ सिंह का स्वागत करेंगे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अन्य पोस्ट में भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंच रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी का आकाश भारतीय वायुसेना के शौर्य और पराक्रम से गौरवान्वित होगा। नमो घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री का सानिध्य प्राप्त होना गौरव की बात है।
तेजस, राफेल और सुखोई दिखाएंगे हवाई करतब
वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित तीन दिवसीय एयर शो में भारतीय वायुसेना के प्रमुख विमान तेजस, राफेल और सुखोई हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में ‘सूर्य किरण’ एयरोबैटिक टीम और ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी अपने हवाई करतब दिखा रही हैं। रविवार को होने वाले कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे।
नई परिधान निर्माण इकाई का भी उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन भी करेंगे। इससे वस्त्र उद्योग और क्षेत्र के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां गंगा की पावन धरती पर राष्ट्र रक्षा का पराक्रम, औद्योगिक विकास का संकल्प और सनातन संस्कृति का गौरव नए भारत की सामर्थ्यपूर्ण यात्रा को नई ऊंचाई प्रदान करेंगे। उन्होंने ‘हर हर महादेव’ और ‘जय हिंद’ के उद्घोष के साथ अपनी बात समाप्त की।




