Uncategorizedदेश-विदेश

यूपी के सहकारी बैंक कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 4 बैंकों में वेतन बढ़ोतरी को मंजूरी; 10 में प्रक्रिया जारी

प्रदेश सरकार के निर्णय के बाद वर्षों से वेतन पुनरीक्षण से वंचित जिला सहकारी बैंकों के कार्मिकों को राहत मिलने लगी है। उत्तर प्रदेश राज्य सहकारी बैंक (यूपीएससीबी) प्रबंधन ने जौनपुर और बलिया जिला सहकारी बैंकों के कार्मिकों का करीब तीन दशक बाद तथा गाजीपुर और आजमगढ़ के कार्मिकों का करीब दो दशक बाद वेतन पुनरीक्षण मंजूर किया है। पुनरीक्षण का लाभ जुलाई से मिलेगा। जौनपुर और बलिया के कार्मिकों के वेतन में करीब 50 प्रतिशत तक तथा गाजीपुर और आजमगढ़ में लगभग 26 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश की 14 जिला सहकारी बैंकों में वेतन पुनरीक्षण के लिए आयुक्त एवं निबंधक सहकारिता ने 24 जुलाई को आदेश जारी किया था। शेष 10 बैंकों में प्रक्रिया अलग-अलग स्तरों पर लंबित है। बहराइच, वाराणसी और हरदोई के प्रस्ताव यूपीएससीबी स्तर पर लंबित हैं। देवरिया, सीतापुर, फतेहपुर, सिद्धार्थनगर और सुल्तानपुर के प्रस्ताव मंडलीय संयुक्त आयुक्त कार्यालय में हैं। गोरखपुर और अयोध्या में प्रस्ताव अभी बैंक प्रबंधन स्तर पर लंबित हैं।यूपीएससीबी के प्रबंध निदेशक आरके कुलश्रेष्ठ के अनुसार, तीन अन्य जिला सहकारी बैंकों में वेतन पुनरीक्षण की स्वीकृति का आदेश जल्द जारी किया जाएगा। वहीं, कोऑपरेटिव बैंक इंप्लाइज यूनियन के प्रदेश महामंत्री सुधीर कुमार सिंह ने शेष बैंकों की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button