400 करोड़ का झटका! Ukraine में भारतीय कंपनी के दवा प्लांट पर Russian Drone का हमला, 1 की मौत
यूक्रेन में भारत के कुसुम ग्रुप के एक बड़े दवा प्लांट पर रूसी ड्रोन ने हमला किया है। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के सूमी में स्थित दवा प्लांट की मुख्य इमारत को काफी नुकसान पहुंचा है और इसका ज्यादातर हिस्सा तबाह हो गया है। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। हमले के बाद सामने आए वीडियो में ड्रोन हमले वाली जगह से धुएं का एक बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है।
सूमी का दवा प्लांट बुरी तरह प्रभावित
कुसुम ग्रुप का सूमी स्थित प्लांट रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान भी काम करता रहा था। हालांकि, अब हुए ड्रोन हमले में प्लांट को भारी नुकसान पहुंचा है। कंपनी के नुकसान का अनुमान कम से कम 400 करोड़ रुपये बताया गया है। हमले के बाद प्लांट की मुख्य इमारत का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया है।
1994 में दवाओं के वितरण से शुरू हुआ था कारोबार
कुसुम ग्रुप की शुरुआत 1994 में हुई थी। उस समय कंपनी भारत में बनी दवाओं को यूक्रेन भेजने और उनके वितरण का काम करती थी। फिलहाल कंपनी का संचालन भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता करते हैं। 2002 में कंपनी ने दूसरी कंपनियों के उत्पादों का वितरण बंद कर अपने ब्रांड की दवाओं की बिक्री शुरू की। इसके बाद कंपनी ने दवा निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा।




