फिर बढ़े ईधन के दाम, 5 रुपये महंगा हुआ पेट्रोल, 3 रुपये बढ़े डीजल के दाम, जानें नया रेट
निजी ईंधन कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी के देशभर में फैले नेटवर्क पर शनिवार से पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि लागू की गई है। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के चलते कंपनी ने यह कदम उठाया है।
बढ़ी लागत और बिक्री मूल्य के अंतर को कम करने की कोशिश
सूत्रों के अनुसार, कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से पेट्रोल और डीजल की लागत बढ़ी है। नई कीमतों के जरिए नायरा एनर्जी बढ़ी हुई लागत और बिक्री मूल्य के बीच के अंतर को कम करना चाहती है। कंपनी देशभर में 7,000 से ज्यादा पेट्रोल पंप संचालित करती है और इस साल दूसरी बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है।
मार्च में भी बढ़ाए थे दाम, जुलाई में लिया वापस
इससे पहले मार्च में पश्चिम एशिया में तनाव के कारण आपूर्ति प्रभावित होने के बीच नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। हालांकि, जुलाई में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बाद कंपनी ने यह बढ़ोतरी वापस ले ली थी।
सरकारी कंपनियों ने रिटेल कीमतें रखीं स्थिर
नायरा की ओर से यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है, जब सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने वैश्विक कच्चे तेल बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों को काफी हद तक स्थिर रखा है। सरकारी तेल कंपनियां देश के 1.04 लाख से अधिक पेट्रोल पंपों में से 90 प्रतिशत से ज्यादा का संचालन करती हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में सरकार ने निजी ईंधन विक्रेताओं से पेट्रोल और डीजल की बिक्री जारी रखने को कहा था।
कमर्शियल LPG और ATF भी हुआ महंगा
ईंधन की कीमतों में बदलाव के बीच सरकारी तेल कंपनियों ने एक अक्टूबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 62.50 रुपये की बढ़ोतरी की थी। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर रखी गई। इसके अलावा एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में भी 16 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। घरेलू एयरलाइंस के लिए एटीएफ की कीमत 121 रुपये से बढ़कर 137 रुपये प्रति लीटर हो गई।




