दीपावली पर मिलावटखोरों पर FSDA का शिकंजा! 1.32 करोड़ का माल जब्त, 27 दुकानों के लाइसेंस निलंबित
दीपावली और भाई दूज पर मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेशभर में अभियान तेज कर दिया है। ”शुद्ध ही शुभ है” अभियान के तहत मिठाई की दुकानों, निर्माण इकाइयों और गोदामों पर छापेमारी कर अब तक करीब 54 क्विंटल खाद्य पदार्थ जब्त किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 1.32 करोड़ रुपये है। विभाग ने 1,133 स्थानों पर निरीक्षण कर 935 नमूने लिए हैं, जबकि गंभीर अनियमितताओं पर 27 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। बरेली और मुरादाबाद में 32 सचल खाद्य सुरक्षा दलों ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 98 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 112 नमूने लिए गए। अनियमितताओं पर 78 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए और पांच इकाइयों के लाइसेंस निलंबित किए गए। बिना लाइसेंस चल रही एक इकाई का कारोबार भी बंद कराया गया। कासगंज, इटावा, हमीरपुर, महोबा, कुशीनगर और शाहजहांपुर में भी अंतर्जनपदीय टीमों ने जांच की।
बरेली-मुरादाबाद में फफूंद और अखाद्य रंगों का इस्तेमाल
बरेली के न्यू बाजपेई स्वीट्स की निर्माणशाला में गंदगी, टूटी फर्श और जमा गंदा पानी मिला। शौचालय भट्ठी के पास संचालित था। कैलाशपुरी स्थित धीरज स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी में पुराना और फफूंद लगा घेवर मिला। दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। मुरादाबाद में हुकूमत मिल्क केक की रसगुल्ला निर्माण इकाई में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। मदनी स्वीट्स में एक्सपायरी सामग्री, चूहों की गंदगी और अखाद्य रंगों का इस्तेमाल मिला। दोनों के लाइसेंस निलंबित किए गए। बड़ी सब्जी मंडी के पास बिना लाइसेंस चल रहे बीना मिष्ठान भंडार का कारोबार बंद कराया गया। कासगंज के पवन स्वीट्स पर भी गंदगी मिलने पर कार्रवाई की गई।
इनसेट
अस्थायी दुकानों और गोदामों पर भी नजर
विभाग निर्माण से लेकर परिवहन, भंडारण और खुदरा बिक्री तक खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रहा है। मिठाइयों की गुणवत्ता, वैधता अवधि, कच्चे माल और रंगों के इस्तेमाल पर निगरानी रखी जा रही है। त्योहारों पर अस्थायी रूप से खुलने वाली दुकानों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। सामान्य कमियों पर सुधार नोटिस देकर मौका दिया जा रहा है, जबकि मिलावट, अखाद्य रंगों और गंभीर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।



