Uncategorizedदेश-विदेश

Delhi में प्रदूषण पर सख्ती: MCD बुधवार से 400 पार्किंग स्थलों पर दोगुना कर सकती है शुल्क

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के दूसरे चरण में प्रदूषण रोधी उपायों के तहत बुधवार से अपने लगभग 400 खुले पार्किंग स्थलों पर शुल्क दोगुना कर सकती है, जिसके प्रस्ताव को सक्षम प्राधिकारी से जल्द ही मंजूरी मिलने की उम्मीद है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह प्रस्ताव फिलहाल नगर निगम के कानून विभाग के विचाराधीन है और एक-दो दिन के भीतर आवश्यक मंजूरी मिलने की संभावना है, जिसके बाद संशोधित दरें लागू कर दी जाएंगी। इस कदम का उद्देश्य राष्ट्रीय राजधानी में हवा की बिगड़ती गुणवत्ता के बीच निजी वाहनों के उपयोग को हतोत्साहित करना है। हालांकि, एमसीडी पिछले वर्षों में प्रस्तावों के विरोध और निजी पार्किंग ठेकेदारों के साथ अनुबंध की जटिलताओं के कारण इसी तरह की बढ़ोतरी को लागू करने में असमर्थ रही है। नगर निगम ने अतीत में ग्रैप के तहत पार्किंग शुल्क दोगुना न करने के कारणों में से एक के रूप में ठेकेदारों के साथ अपने मौजूदा समझौतों की शर्तों का हवाला दिया है, क्योंकि इन समझौतों के तहत शुल्क दोगुना करने के बाद एकत्र की गई अतिरिक्त राशि सीधे निगम के पास नहीं जाती है। हालांकि, नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) ने प्रदूषण नियंत्रण उपायों के तहत एक नवंबर से ही अपने पार्किंग स्थलों पर शुल्क दोगुना कर दिया है। वर्तमान में एमसीडी के पार्किंग स्थलों पर प्रति घंटे की पार्किंग दर चार पहिया वाहनों के लिए 20 रुपये और दो पहिया वाहनों के लिए 10 रुपये है।

Related Articles

Back to top button