प्रयागराज में बनेगा 10 मेगावाट का डेटा सेंटर, एयरटेल एनएक्सट्रा करेगी 220 करोड़ का निवेश
उत्तर प्रदेश में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर के क्षेत्र में एक और बड़ी परियोजना का रास्ता साफ हुआ है। प्रयागराज की सरस्वती हाईटेक सिटी में 10 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने पांच नवंबर को मेसर्स एयरटेल एनएक्सट्रा प्राइवेट लिमिटेड को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) जारी किया है। परियोजना के लिए कंपनी को 4.43 एकड़ भूमि आवंटित किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। भारती एयरटेल समूह की डेटा सेंटर क्षेत्र की कंपनी इस परियोजना में करीब 220 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। परियोजना के धरातल पर आने से लगभग 300 लोगों के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। इसके साथ प्रयागराज में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों और सहायक सेवाओं को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि प्रयागराज के सरस्वती हाईटेक सिटी में प्रस्तावित 10 मेगावाट डेटा सेंटर आधुनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रयागराज को डेटा सेंटर और सूचना प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों के उभरते केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना से डेटा स्टोरेज, क्लाउड सेवाओं और डिजिटल तकनीक से जुड़ी औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही तकनीकी और सहायक सेवाओं से जुड़े स्थानीय कारोबार के लिए भी नए अवसर खुलेंगे। एयरटेल एनएक्सट्रा देश में हाइपरस्केल और एज डेटा सेंटर का नेटवर्क संचालित करती है। कंपनी उद्यमों और क्लाउड सेवा प्रदाताओं समेत विभिन्न संस्थानों को डेटा सेंटर सेवाएं उपलब्ध कराती है। प्रयागराज में उसके प्रस्तावित निवेश को प्रदेश में डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़े औद्योगिक आधार के विस्तार के लिहाज से अहम माना जा रहा है।




