Uncategorizedदेश-विदेश

PM मोदी ने संस्कृत श्लोक के साथ दी धनतेरस की शुभकामनाएं, CM योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी दी बधाई

धनतेरस 2026 के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने भगवान धन्वंतरि को नमन करते हुए सोशल मीडिया पर संस्कृत का विशेष श्लोक साझा किया और सभी के जीवन में सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेशवासियों को धनतेरस की बधाई दी।
PM मोदी ने भगवान धन्वंतरि को किया नमन, साझा किया संस्कृत श्लोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, “सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है।” इस संदेश के साथ प्रधानमंत्री ने भगवान धन्वंतरि की स्तुति में संस्कृत का यह श्लोक भी साझा किया:
नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्।
लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥
इसका भावार्थ है कि आदिदेव भगवान धन्वंतरि को मेरा सादर प्रणाम है, जिनके चरणकमल देवताओं और असुरों द्वारा भी वंदित हैं। वे संसार में बुढ़ापे, रोग, भय और मृत्यु का नाश करने वाले तथा विभिन्न प्रकार की औषधियों के प्रदाता और परमेश्वर हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी दीं पर्व की शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के ये पर्व समृद्ध परंपराओं, आध्यात्मिक चेतना और पारिवारिक आत्मीयता के प्रतीक हैं। दीपावली का प्रकाश अज्ञानता से ज्ञान और निराशा से आशा की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। राज्यपाल ने प्रदेश में सुख-शांति, सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होने की कामना की।
CM योगी ने की उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी धनतेरस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भगवान धन्वंतरि से सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि धनतेरस आरोग्य और सुख-समृद्धि के महत्व का स्मरण कराने वाला पर्व है। स्वस्थ शरीर ही सुखी और सार्थक जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button