स्टूडियो में चित्रा गा रही थीं गाना, बाहर बैठकर रो रहा था डायरेक्टर
कुछ गाने दिलों में बस जाते हैं। उन्हें सुनते ही मन खो जाता है। एक ऐसा ही 25 साल पहले आया था। यह गाना बहुत पॉपुलर हुआ था। जब यह गाना रिकॉर्ड हो रहा था, तब डायरेक्टर भी अपने आंसू नहीं रोक पाए थे।
यह गाना के.एस चित्रा (K.S. Chitra) ने गाया था। प्लेबैक सिंगर के.एस चित्रा ने हिंदी से लेकर मलयालम, कन्नड़ और तमिल समेत कई भाषाओं में गाना गाया। 25 हजार से ज्यादा गानों को आवाज देने वालीं चित्रा ने एक बार अपनी मधुर आवाज से डायरेक्टर के आंखों में आंसू ला दिए थे।
‘तुम बिन’ गाने ने डायरेक्टर को कर दिया था इमोशनल
दरअसल, वह एक बार स्टूडियो में गाना गा रही थीं और बाहर डायरेक्टर बैठे थे। जैसे ही चित्रा ने गाने को रिकॉर्ड करना शुरू किया, वैसे ही बाहर बैठे डायरेक्टर रोने लगे। यह गाना था 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘तुम बिन’ (Tum Bin) का गाना ‘तुम बिन जिया जाए कैसे’।
‘तुम बिन’ का निर्देशन अनुभव सिन्हा (Anubhav Sinha) ने किया था। यह उनकी पहली फिल्म थी। कुछ समय पहले वह शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में गए, जहां उन्होंने तुम बिन के गाने से जुड़ा दिलचस्प किस्सा शेयर किया था।
स्टूडियो के बाहर रोने लगे थे डायरेक्टर
अनुभव सिन्हा ने बताया था कि वह ‘तुम बिन जिया जाए कैसे’ के डबिंग के दौरान रो रहे थे। उन्होंने कहा था, “हम लोग रिकॉर्ड करने चेन्नई गए थे। वह (चित्रा) गा रही थीं। जब सिंगर गाता है तो अलग बूथ में होता है। हम बाहर बैठे हुए थे और मेरे आंसू निकल गए थे।”
अनुभव ने आगे बताया था, “मैं आसानी से रोता नहीं हूं। चित्रा जी ने जादू कर दिया था। मैं ताउम्र उनका शुक्रगुजार रहूंगा कि उन्होंने मेरी पहली फिल्म में ऐसा गाना दिया जिसके लिए मैं ताउम्र प्राउड फील कर सकूं।”



